
पत्रकारों व संगठन से जुड़ी युवतियों को धमकी देने का आरोप, कार्रवाई न होने पर आक्रोश
जय जोहार सीजी न्यूज़ | विशेष संवाददाता
धीरेंद्र कुमार जायसवाल | मो. 9131419735
तिल्दा नेवरा | रायपुर
अग्रवाल समाज भवन की बाउंड्री वॉल पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित समाचार प्रकाशित होने के बाद पत्रकारों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में दैनिक केसरिया हिंदुस्तान के संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल ने थाना तिल्दा नेवरा में लिखित आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पत्रकारों एवं संगठन में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार धीरेंद्र कुमार जायसवाल ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि खबर प्रकाशित होने से नाराज़ होकर अग्रवाल समाज भवन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल के पुत्र रवि अग्रवाल द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
इसी मामले की जानकारी लेने जब जोहार छत्तीसगढ़ (रायपुर ब्यूरो) के संवाददाता राजू पाल अग्रवाल समाज भवन पहुँचे, तो उनके साथ भी अनिल अग्रवाल एवं पवन अग्रवाल द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार व धमकी दी गई। इस दौरान संगठन से जुड़ी दो युवतियों के साथ बदसलूकी एवं जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
बताया गया कि घटना के समय ग्राम पंचायत कोहका के उप-सरपंच प्रभु लाल बंजारे एवं पंच भानु यदु मौके पर मौजूद थे। दोनों जनप्रतिनिधियों द्वारा घटनास्थल पर बयान दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पीड़ित पत्रकारों का कहना है कि उन्होंने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत थाना तिल्दा नेवरा में दर्ज कराई है और निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, आवेदन दिए हुए काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से दैनिक केसरिया हिंदुस्तान के संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल, जोहार छत्तीसगढ़ के संवाददाता राजू पाल तथा महिला पत्रकार संगठन की सदस्यों में गहरा रोष व्याप्त है।
पत्रकारों एवं संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।








