
संपादक धीरेंद्र कुमार जायसवाल। OPERATION NISCHAY: तिल्दा नेवरा में महिला तस्कर गिरफ्तार, 73 किलो गांजा और 790 प्रतिबंधित टेबलेट जब्त
गुप्त चैम्बर में छिपाकर रखा था नशे का सामान, 41.75 लाख का माल बरामद
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़। 29 जनवरी 2026
रायपुर पुलिस (ग्रामीण) द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय (OPERATION NISCHAY)” के तहत थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 73 किलोग्राम गांजा, 790 नग प्रतिबंधित टेबलेट (नाइट्रोसन) और 03 नग बटनदार चाकू बरामद किए हैं।
इसके साथ ही पुलिस ने प्रकरण में 1,87,000 रुपये नगद, 06 मोबाइल फोन और 01 टैब भी जप्त किया है। रायपुर पुलिस (ग्रामीण) के अनुसार जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 41,75,000 रुपये बताई गई है।
कैसे हुई कार्रवाई? (पुलिस का विवरण):
पुलिस को 28 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22, सासाहोली स्थित अटल निवास में एक महिला अपने घर से गांजा और प्रतिबंधित टेबलेट की बिक्री कर रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान मकान की तलाशी में कमरे और आलमारी में बने विशेष गुप्त चैम्बर से गांजा, टेबलेट, नगदी, चाकू, मोबाइल व टैब बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी महिला ने नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी जानकारी स्वीकार की।
कानूनी कार्रवाई:
थाना तिल्दा नेवरा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 41/26 दर्ज किया गया है।
आरोपी पर धारा 20(बी), 22(सी) एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
✅ मधु मिश्रा, पति परस मिश्रा, उम्र 30 वर्ष
निवासी: वार्ड क्रमांक 22, श्मशान घाट के पास, अटल निवास सासाहोली
थाना: तिल्दा नेवरा, रायपुर

पुलिस का संदेश:
रायपुर पुलिस (ग्रामीण) का कहना है कि अपराधियों द्वारा नशे की तस्करी के लिए नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं, लेकिन ऑपरेशन निश्चय के तहत इंटेलिजेंस और माइक्रो-लेवल सर्विलांस के जरिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
📌 नोट: यह खबर पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।














