
हरि ओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट/ 6 इंच जमीन के विवाद में भतीजे ने फरसे से चाचा की गला रेतकर हत्या
CCTV में कैद हुई वारदात, आरोपी ने थाने जाकर किया सरेंडर
बलौदाबाजार | पलारी थाना क्षेत्र:
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के गीतकेरा गांव में महज 6 इंच जमीन को लेकर हुए पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर-निर्माण को लेकर उपजे विवाद में भतीजे ने लोहे के फरसे से अपने ही चाचा की गला काटकर हत्या कर दी। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीतकेरा गांव में नारायण यादव (45 वर्ष) और उनके भाई का घर अगल-बगल है। आरोप है कि बड़ा भाई घर बनवा रहा था, इस दौरान उसने छोटे भाई के घर की करीब 6 इंच जमीन पर कब्जा कर लिया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले 10 वर्षों से विवाद चला आ रहा था।
15 जनवरी को हुआ विवाद, कुछ देर बाद हत्या:
15 जनवरी को एक बार फिर दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। पहले कहासुनी और मारपीट हुई, जिसके बाद मामला शांत हो गया। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी भतीजा यशवंत यादव (38 वर्ष) गुस्से में अपने घर के पूजा कक्ष में रखा लोहे का फरसा लेकर दौड़ता हुआ वापस आया।
CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चौक में खड़े नारायण यादव जब बातचीत कर रहे थे, तभी यशवंत ने सीधे उनके गले पर फरसे से वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि नारायण यादव मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत:
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल नारायण यादव को तत्काल बलौदाबाजार जिला अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने केवल एक ही वार किया, जो जानलेवा साबित हुआ।
थाने जाकर किया सरेंडर:
हत्या के बाद आरोपी यशवंत यादव स्वयं पलारी थाना पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।








