
हरि ओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट/ गांव में छाया मातम — पति-पत्नी की एक साथ हुई दर्दनाक मौत 🕯️
बलौदा बाजार/पलारी।
ग्राम बिनौरी में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब यह खबर आई कि गांव के विष्णु साहू एवं उनकी धर्मपत्नी लक्ष्मी साहू का एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया।
यह दर्दनाक हादसा कल सुबह खरोरा के कोसरंगी मार्ग पर हुआ, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक दंपति रायपुर में रहकर मजदूरी का कार्य किया करते थे। हाल ही में वे अपने ससुराल पक्ष के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आरंग ब्लॉक के नगर पंचायत समोदा के पास गांव कुसमुंद गए थे। वहीं से वे सुबह करीब 7 बजे मोटरसाइकिल से रायपुर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसा इतना भयावह था कि पति-पत्नी दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, चारों ओर शोक की लहर दौड़ गई।
गांव के लोग स्तब्ध हैं — किसी को यकीन ही नहीं हो रहा कि एक साथ दोनों जीवन साथी इस तरह काल के ग्रास में समा जाएंगे।
अंतिम संस्कार के समय सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी, हर आंख नम थी।
गांव के बुजुर्गों ने बताया कि “हमारे जीवन में ऐसा हृदयविदारक दृश्य पहली बार देखा है, जब पति-पत्नी दोनों की एक साथ मृत्यु हुई हो।”
मृतक दंपति अपने पीछे दो युवा पुत्रों को छोड़ गए हैं — बड़ा पुत्र 21 वर्ष और छोटा 19 वर्ष का है। दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों की चीख-पुकार और गांव के वातावरण में पसरा सन्नाटा, हर किसी को भीतर तक झकझोर गया।
नियति के आगे सभी नतमस्तक हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे,
और परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दे।
“कभी सोचा न था, सुबह की धूप इतनी काली होगी…
जो दो जीवनों को एक साथ सदा के लिए बुझा जाएगी।” 🌹











