
हाई टेक प्राइवेट लिमिटेड में कर्मचारी का शोषण — हड़ताल पर बैठे कर्मचारी ने कहा “जब तक न्याय नहीं, तब तक संघर्ष जारी”
तिल्दा नेवरा:
तिल्दा नेवरा स्थित हाई टेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एक और मामला सामने आया है जिसमें एक छत्तीसगढ़ीया कर्मचारी के साथ कंपनी प्रबंधन द्वारा शोषण किए जाने का आरोप लगा है।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित कर्मचारी का पिछले 6 माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। कंपनी प्रबंधन द्वारा बार-बार “आज-कल में पैसा देंगे” कहकर टालने की बात कही जा रही थी। इससे परेशान होकर थानेश्वर जांगड़े, शिवसेना के सहयोग से, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर कंपनी के गेट के बाहर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा —
“हमारी मांगे पूरी करो, जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।”
हड़ताल की वजह से कंपनी गेट के बाहर वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही। सुबह से ही रोड जाम की स्थिति बन गई, जिससे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को आवाजाही में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस को स्थिति की जानकारी दे दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो शिवसेना संगठन आंदोलन को और व्यापक करने की तैयारी में है।














