
✍️ संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ चेहरे पर गहरे निशान… परछी में मिली लाश ने खड़ा किया बड़ा सवाल!
बरपाली। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव घर की परछी में पड़ा मिला। घटना की जानकारी लगते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान बलराम सारथी (उम्र 25–30 वर्ष) निवासी गाला, थाना पत्थलगांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बलराम ने कुछ वर्ष पहले बरपाली की ही एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। वर्तमान में वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ पिछले एक सप्ताह से ससुराल बरपाली में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बलराम का शव बरामद हुआ। मृतक के चेहरे पर गहरे चोट के निशान पाए गए और पूरा चेहरा खून से सना हुआ था। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की सूचना पत्नी, कोटवार और सरपंच के माध्यम से पुलिस तक पहुंची। खबर मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया है। वहीं सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।