
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ अश्लील गाली-गलौच कर कुल्हाड़ी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। ग्राम कोमलपुर (थाना कांकेर) में ढाबे संचालक पर अश्लील गाली-गलौच कर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपी इंद्रदेव नागवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का कृत्य अजमानतीय होने के कारण उसे न्यायालय में पेश किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सलीत कुमार कावड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 जून की रात करीब 11:30 बजे आरोपी शराब के नशे में ढाबे पर आया और खाना मांगने पर मना किए जाने पर गाली-गलौच करते हुए चला गया। थोड़ी देर बाद वह कुल्हाड़ी लेकर लौटा और जान से मारने की नीयत से हमला करने लगा।
मौके पर पहुंचे प्रार्थी के भांजे बीरेंद्र जुरीं ने हमलावर को धक्का देकर गिराया, जिससे कुल्हाड़ी छूट गई और आरोपी भाग निकला।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 192/2025 धारा 296, 109 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान आरोपी को अन्नपूर्णापारा चौक, कांकेर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर के नेतृत्व में सउनि चेतन साहू, प्रधान आरक्षक कौशल साहू, आरक्षक लिखेश्वर साहू, अनिल मरकाम एवं महिला आरक्षक अंजु बेलचंदन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
