
इस वर्ष हैरतअंगेज झांकियों से भरा होगा परशुराम चौक का गणेश उत्सव
सोल कलाकार युद्ध स्तर पर झांकियों को साकार करने में जुटे
चांपा। परशुराम चौक में गणेश उत्सव की तैयारियां इस वर्ष बेहद खास अंदाज में की जा रही हैं। पिछले कुछ वर्षों से अपनी अलग पहचान बना रहे इस गणेश उत्सव में इस बार आकर्षक और हैरतअंगेज झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने वाली हैं। झांकियों को अंतिम रूप देने के लिए कलाकार युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं।
भाले राव स्टेडियम के समीप स्थित इंडोर हॉल में करीब आठ सोल कलाकार विभिन्न आकार-प्रकार की धार्मिक एवं कलात्मक आकृतियों को तैयार करने में लगे हैं। फोम और यूनिफोम सोल से बनाई जा रही इन आकृतियों में कलाकारों की बारीक कारीगरी साफ नजर आ रही है। हालांकि झांकियां अभी निर्माणाधीन हैं और कई आकृतियां अधूरी अवस्था में फर्श पर रखी हुई हैं, लेकिन उन्हें देखकर इस वर्ष होने वाले भव्य आयोजन की झलक मिल रही है।
निर्माणाधीन आकृतियों में भगवान श्रीगणेश की विशाल प्रतिमा के साथ अन्य धार्मिक पात्रों और आकृतियों को भी आकार दिया जा रहा है। कुछ आकृतियों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि ममतामयी मां, सखियों अथवा देवी स्वरूप की झांकियां भी तैयार की जा रही हैं। हालांकि आयोजकों और कलाकारों ने झांकियों की पूरी थीम के बारे में अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। इससे श्रद्धालुओं में उत्सुकता और बढ़ गई है।
पिछले वर्ष भी आकर्षण का केंद्र रहा था आयोजन:
गौरतलब है कि पिछले वर्ष परशुराम चौक के पहले विश्वेश्वरैया गेट के समीप गणेश उत्सव के दौरान बेहद आकर्षक धार्मिक झांकियां और मनमोहक गणेश प्रतिमा तैयार की गई थी। उस आयोजन की याद आज भी क्षेत्रवासियों के जेहन में ताजा है।
इस वर्ष इंडोर हॉल में चल रही तैयारियों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि परशुराम चौक का गणेश उत्सव श्रद्धालुओं के लिए और भी भव्य एवं रोमांचक होने वाला है। निर्माणाधीन झांकियों को देखने वाले लोग कलाकारों की मेहनत और कारीगरी को देखकर आश्चर्यचकित नजर आ रहे हैं।
जय जोहार सीजी न्यूज़ संवाददाता — हरी देवांगन

















