
हथबंद स्कूल में साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला
हथबंद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हथबंद में राष्ट्रीय सेवा योजना, इको क्लब, एनसीसी, रेडक्रॉस, स्काउट एवं छात्र-छात्राओं के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में वरिष्ठ आरक्षक मानिक राम बंजारे ने विद्यार्थियों को साइबर अटैक एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने की अपील की।
आरक्षक देवानंद घृतलहरे ने विद्यार्थियों को बिना लाइसेंस मोटरसाइकिल नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं पीएलवी अजय वर्मा ने साइबर क्राइम एवं फ्रॉड साथी अभियान की जानकारी देते हुए अनजान व्यक्तियों के साथ किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा नहीं करने की सलाह दी।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी योगेश कुमार त्रिवेदी ने छात्राओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा मोबाइल का उपयोग ज्ञानवर्धन के लिए करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में समय का सदुपयोग करते हुए योजनाबद्ध तरीके से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के प्राचार्य सी.के. नायक ने जागरूकता अभियान में पहुंचे अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में व्याख्याता शकुन बाघे, निकहत परवीन, नेतराम वर्मा, खुशबू साहू, विजय निर्मलकर एवं दी.बी. तिवारी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















