
‘यादवी संघर्ष’ वाले बयान पर यादव समाज में नाराजगी, रमेश यदु ने की माफी की मांग
तिल्दा-नेवरा। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता अजय चंद्राकर के ‘यादवी संघर्ष’ और यादव समाज के विनाश से संबंधित कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज इसकी निंदा करता है।
रमेश यदु ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सार्वजनिक बयानों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। इसलिए सामाजिक और संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय जनप्रतिनिधियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बयान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो अजय चंद्राकर को सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देते हुए समाज से माफी मांगनी चाहिए।
यदु ने प्रदेश के सभी यादव समाज संगठनों से एकजुट होकर संयुक्त बैठक आयोजित करने और इस मामले में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सामूहिक प्रतिक्रिया दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने भाजपा में यादव समाज से जुड़े जनप्रतिनिधियों की ओर से इस विषय पर अब तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आने को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो यादव समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी नाराजगी व्यक्त करेगा और समाज के सम्मान के लिए आवाज बुलंद करेगा।
इन समाज प्रमुखों ने भी जताई आपत्ति: भीकम यादव, सुदामा यादव, देवनारायण यादव, रामचंद्र यादव, नत्थू लाल यादव, विजय यादव, राकेश यादव, हरीश यादव, अशोक यादव, दिनेश यादव, धानमती यादव, गीता यादव, किरण यादव, गोविंद यादव, काशुराम यादव, जितेंद्र यादव सहित अन्य समाज प्रमुखों ने भी कथित बयान की निंदा की है।
















