
दूध विक्रेता संघ का हड़ताल का ऐलान, तिल्दा-नेवरा में दूध वितरण बंद करने की चेतावनी
गाय का दूध ₹60 और भैंस का दूध ₹70 प्रति लीटर करने की मांग, तहसीलदार व थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
तिल्दा-नेवरा। पशु आहार एवं अन्य सामग्री की बढ़ती कीमतों को देखते हुए तिल्दा-नेवरा के दूध विक्रेता संघ ने दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। संघ ने 21 अगस्त 2026 को तहसीलदार तिल्दा-नेवरा एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग से अवगत कराया।

ज्ञापन में कहा गया है कि गाय के दूध का भाव 60 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का भाव 70 रुपये प्रति लीटर निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया है, लेकिन डेयरी संचालकों की ओर से इस पर सहमति नहीं बनी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक डेयरी संचालकों के साथ दूध के रेट पर सहमति नहीं बनती, तब तक तिल्दा-नेवरा शहर में दूध विक्रेता संघ द्वारा दूध का वितरण नहीं किया जाएगा।

संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान यदि कोई दूध विक्रेता संघ के निर्णय के विपरीत दूध का वितरण करता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। संघ ने प्रशासन से हड़ताल में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है।
इस निर्णय से तिल्दा-नेवरा में दूध की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
















