
सिमगा में पहली बार ऐतिहासिक महिला कांवड़ यात्रा का आयोजन
पीले वस्त्रों में शामिल हुईं मातृशक्ति, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा नगर
सिमगा। नगर में पहली बार आयोजित ऐतिहासिक महिला कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। महिला कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें एवं नगर के शिवभक्त शामिल हुए। पूरे नगर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।

16 अगस्त को महिला कांवड़ यात्रा का शुभारंभ रामनगर टिहुपारा के कोस्टा तालाब स्थित शिव मंदिर से हुआ। ब्राह्मण पुरोहितों द्वारा विधि-विधान से जल का अभिमंत्रण किया गया, जिसके बाद माताओं एवं बहनों ने जल कांवड़ में भरकर भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ यात्रा प्रारंभ की।

महिला कांवड़ यात्रा रामनगर टिहुपारा शिव मंदिर से जयस्तंभ चौक, सदर बाजार, सोनकरपारा होते हुए सिद्धेश्वर शिव मंदिर एवं शिवनाथ नदी तट पहुंची। यहां श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव को जल अर्पित किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे के साथ यात्रा का समापन हुआ।
पीले वस्त्रों में नजर आई मातृशक्ति:
कांवड़ यात्रा में शामिल महिलाओं ने पीले रंग के वस्त्र धारण किए हुए थे। हाथों में कांवड़ और मुख पर भगवान शिव के जयकारों के साथ मातृशक्ति ने पूरे नगर का भ्रमण किया। इस दौरान नगरवासियों ने भी जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया।

शिव मंदिर अध्यक्ष रोहित देवांगन ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि सिमगा नगर में पहली बार मातृशक्ति एवं नगर के गणमान्य नागरिकों के सहयोग से महिला कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

महिला कांवड़ यात्रा समिति की ओर से कहा गया कि भगवान भोलेनाथ सभी माता-बहनों की कांवड़ का जल स्वीकार कर उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करें और सभी के जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि प्रदान करें।

समिति के पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी:
आयोजन को सफल बनाने में महिला कांवड़ यात्रा समिति की अध्यक्ष प्रमिला गुप्ता, उपाध्यक्ष सरोज देवांगन, सचिव रुक्मणी साहू, कोषाध्यक्ष गौरी शर्मा, व्यवस्था प्रमुख सुनीता यादव, संगठन प्रमु शारदा भोसले, सहसचिव रजनी दुबे, संयोजक स्वर्णा शर्मा, मीडिया प्रभारी राखी भोसले, प्रचार-प्रसार प्रमुख रीता पांडे, सलाहकार मनीषा सलूजा, प्रियंका तिवारी, संरक्षक वंदना इंगोले सहित रोहित देवांगन, मनीष गुप्ता, परमेश्वर देवांगन, माया सलूजा, अनूप तिवारी एवं नगर के शिवभक्तों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

महिला कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन से सिमगा नगर में धार्मिक एवं सामाजिक एकता का संदेश देखने को मिला। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने इसे नगर के लिए विशेष और यादगार बना दिया।

















