
जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा में लहराया 101 फीट का तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर अध्यक्ष टिकेश्वर सोनू मनहरे ने किया शुभारंभ, दूर से नजर आया विशाल तिरंगा
तिल्दा-नेवरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा परिसर में इस बार देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। जनपद पंचायत परिसर में 101 फीट ऊंचे पोल पर विशाल तिरंगा फहराया गया, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
जनपद पंचायत के अध्यक्ष टिकेश्वर सोनू मनहरे के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर सोनू मनहरे उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों से 101 फीट ऊंचे तिरंगे का शुभारंभ किया गया।
विशाल तिरंगा काफी दूर से ही लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। तिरंगे को देखने के लिए लोगों में उत्साह नजर आया और उपस्थित जनों ने इस पहल की सराहना करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर सोनू मनहरे द्वारा तिरंगा फहराया गया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया और देश की एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में तिल्दा-नेवरा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुलारी सुरेंद्र वर्मा, सभापति नरसिंह वर्मा, कुंज लाल वर्मा, गीतांजलि घृतलहरे, उत्तरा रामजी निषाद, कुंती दिनेश वर्मा, जनपद सदस्य यशोदा वर्मा सहित अन्य जनपद सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा जनपद पंचायत के सीईओ रवि कुमार सहित अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
101 फीट ऊंचे तिरंगे के फहराए जाने से जनपद पंचायत परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। स्वतंत्रता दिवस पर की गई यह विशेष पहल क्षेत्रवासियों के बीच चर्चा और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

















