
80 लाख रुपये भुगतान की मांग को लेकर कंपनी गेट पर धरना, क्रांतिसेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का प्रदर्शन
धरसीवां। रायपुर जिले के धरसीवां स्थित मढ़ी की गौरी गणेश कंपनी के बाहर छत्तीसगढ़ क्रांतिसेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने ठेकेदार और मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा कई महीनों से लगभग 80 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान ठेकेदार राधेश्याम साहू ने आरोप लगाया कि उनके अधीन कार्यरत मजदूरों का भुगतान समय पर नहीं होने से उन्हें स्वयं कर्ज लेकर मजदूरों की मजदूरी देनी पड़ी। उन्होंने बताया कि गिट्टी, रेत, सीमेंट सहित अन्य सामग्री का भुगतान भी बकाया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
छत्तीसगढ़ क्रांतिसेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने कंपनी गेट के सामने धरना देते हुए बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। संगठन के रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष योगेश कुमार साहू ने कहा कि मजदूरों और ठेकेदारों को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हालांकि, इस संबंध में कंपनी प्रबंधन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।














