
पिता की हत्या करने वाला आरोपी पुत्र गिरफ्तार, शराब को लेकर हुआ था विवाद
तिल्दा नेवरा। रायपुर ग्रामीण पुलिस के अंतर्गत तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पुत्र ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे वार्ड क्रमांक 04 में हुई। आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच शराब पीने तथा घर में अन्य लोगों को बुलाकर शराब सेवन कराने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया।
हमले में संतू कोठारी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश करते हुए घटनास्थल की साफ-सफाई की और मृतक को खाट पर लिटा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस (ग्रामीण) एवं थाना तिल्दा नेवरा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग पंचनामा, शव परीक्षण एवं घटनास्थल निरीक्षण की कार्रवाई करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जप्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू, पिता संतोष कोठारी, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04 तिल्दा नेवरा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।














