
बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल संकट के खिलाफ तिफरा ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन
बिलासपुर। देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई तथा पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा द्वारा तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप और बन्नाक चौक सिरगिट्टी बाजार क्षेत्र में बैनर और तख्तियां लेकर आम लोगों से संवाद किया तथा केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और सराफा (सोना-चांदी) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है और मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी सहित हर वर्ग आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और जनता में सरकार के खिलाफ व्यापक आक्रोश देखा जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और आवश्यक खाद्य पदार्थों के दाम कम कर आम जनता को राहत देने की मांग की।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, मंडल अध्यक्ष अजय मनहरे, पार्षद पुष्पेंद्र साहू, सुनील पांडेय, राकेश यादव, महेश ठाकुर, प्रताप वर्मा, राजेश साहू, शिव यादव, रामायण रजक, सचिन भवानी, अक्षय नवरंग, बंटी सोनी, गौरव सिंह, गोविंद मानिकपुरी, संजीव पाल, दिनेश यादव, नागेश ध्रुव, रामकुमार मनहर, रमाकांत साहू, राजेश कोसले, लक्ष्मण ध्रुव, संतराम यादव, गोविंद यादव, वेद रात्रे, सुरेंद्र कश्यप, असीम दास, अशद खान, अरविंद ओझा, आशीष वर्मा, आनंद पाठक, संदीप पांडेय, गुहाराम, राकेश बर्मन, फजीर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।













