
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत तिल्दा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब और धारदार हथियार जब्त
तिल्दा-नेवरा (रायपुर ग्रामीण)।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 8 मार्च 2026 को प्रातः 4 बजे से विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने क्षेत्र में दबिश देकर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत 3 प्रकरण दर्ज करते हुए अवैध शराब जप्त की। वहीं एक आरोपी के पास से धारदार चाकू बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका पर 7 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 145 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला और 1000 रुपये नगद जप्त किए हैं।
इन आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई:
एवन कुमार साहू (45) निवासी वार्ड 21 सासाहोली – 60 पौवा देशी शराब
कुलेश्वर कुमार चतुर्वेदी (25) निवासी वार्ड 05 छपोरा – 40 पौवा देशी शराब
पीयूष वैष्णव (27) निवासी वार्ड 17 तिल्दा – 45 पौवा देशी शराब व 1000 रुपये नगद
कुलदीप ध्रुव (27) निवासी ग्राम कोहका – एक धारदार चाकू

इसके अलावा नेतराम पांसे, सूरज सेन, माखन वर्मा, विशाल धानुक, हीरा टंडन, साजेश देवार और मुकेश कुमार साहू के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
तिल्दा नेवरा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।









