
संपादक धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ सिरपुर महोत्सव में गूंजा मनेंद्रगढ़ का नाम — जसगीत गायिका जसमीत कौर सम्मानित
एमसीबी/मनेंद्रगढ़
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक राजधानी माने जाने वाले सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के दूसरे दिन मनेंद्रगढ़ की बेटी, प्रसिद्ध जसगीत गायिका जसमीत कौर ने अपनी शानदार प्रस्तुति से मंच और दर्शक दीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक से बढ़कर एक भजनों और जसगीतों की प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा।
महोत्सव में बॉलीवुड व छत्तीसगढ़ के नामचीन कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच मिला। इसी क्रम में जसमीत कौर की सशक्त प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों और आयोजकों ने विशेष रूप से सराहा। जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने उनकी गायकी की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि अल्प आयु में ही जसमीत कौर ने लोकगायन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब तक वे अनेक पुरस्कार व सम्मान अपने नाम कर चुकी हैं। छोटे शहर से निकलकर प्रदेश और देश स्तर पर छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति को पहचान दिलाना न केवल एमसीबी बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जसमीत कौर को सम्मानित करते हुए कहा कि “मनेंद्रगढ़ की बेटी ने अपनी प्रतिभा से पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।” उन्होंने एमसीबी जिले की जनता की ओर से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जसमीत कौर जैसी उभरती कलाकारें छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही हैं—यह उपलब्धि सराहनीय और प्रेरणादायक है।








