
संवाददाता राजू पाल/ रतनपुर में CM विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणा — कल्चुरी समाज को मिला करोड़ों का तोहफा
कल्चुरी कलार समाज के महासम्मेलन में हुए शामिल – 100 बिस्तर अस्पताल व 1 करोड़ की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा
रतनपुर, बिलासपुर | 9 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी रतनपुर पहुँचे, जहाँ उन्होंने कल्चुरी कलार समाज के महासम्मेलन में शामिल होकर समाजजनों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने भगवान सहस्रबाहु और बहादुर कलारीन दाई की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

🔹 मुख्यमंत्री की भावनात्मक घोषणाएँ:
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रतनपुर के विकास को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं –
रतनपुर में 100 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल स्थापित किया जाएगा।
कल्चुरी समाज के लिए 1 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।
रतनपुर के सर्वांगीण विकास हेतु 200 करोड़ रुपये की योजना प्रसाद योजना के तहत केंद्र सरकार को स्वीकृति हेतु भेजी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा —
“कल्चुरी राजवंश ने देश में लगभग 1200 वर्षों तक शासन किया, उस काल में प्रजा सुखी थी और राज्य समृद्ध था। मां महामाया की कृपा से आज छत्तीसगढ़ भी उसी दिशा में अग्रसर है — विकास और समृद्धि की ओर।”
🔹 मोदी गारंटी और महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में मोदी गारंटी के तहत किसानों से किए वादे पूरे हो रहे हैं —
किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।
15 नवम्बर से धान खरीदी अभियान पुनः आरंभ होगा।
महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
अब तक 21 किश्तें वितरित की जा चुकी हैं।
🔹 नक्सलवाद मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा संकल्प:
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद मुक्त छत्तीसगढ़ का लक्ष्य तय किया है।
अब तक 327 गाँवों को पुनः बसाया गया है, और विकास कार्यों की रफ्तार बस्तर सहित पूरे राज्य में तेज हुई है।
🔹 उद्योग, निवेश और विजन 2047 की ओर कदम:
मुख्यमंत्री साय ने कहा –
“छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को पूरे देश में सराहा जा रहा है। अब तक 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें AI और सेमीकंडक्टर उद्योगों की स्थापना शुरू हो चुकी है।”

उन्होंने बताया कि सरकार ने “छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट 2047” जारी किया है, जिसमें राज्य के दीर्घकालिक विकास के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
🔹 डबल इंजन सरकार से विकास को नई रफ्तार:
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा –
“रतनपुर कभी कल्चुरी शासन की राजधानी रही है। आज डबल इंजन की सरकार उसी गौरव को पुनः स्थापित करने के लिए कार्यरत है। विकास कार्यों की गति पहले से कई गुना बढ़ी है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि नवा रायपुर में भगवान सहस्रबाहु चौक का नामकरण समाज की आस्था का सम्मान है।

🔹 सामाजिक समरसता का संदेश:
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि –
“हमारी सनातन संस्कृति सामाजिक समरसता की प्रतीक है। हर समाज और हर ईष्ट देव का सम्मान हमारी परंपरा है।”
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, राजेश सूर्यवंशी, भूपेंद्र सवन्नी, रूपनारायण सिन्हा और महापौर पूजा विधानी समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

🔹 समाज के प्रतिनिधियों का सम्मान:
कल्चुरी कलार समाज की ओर से मोहित जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत भाषण दिया।
मोहित जायसवाल ने कन्नौजिया जायसवाल समाज के —
प्रदेश युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रामगोपाल जायसवाल,
जिला अध्यक्ष (बलौदा बाजार/रायपुर) धीरेंद्र कुमार जायसवाल और प्रदेश विशेष सलाहकार राजेंद्र जायसवाल को सहस्त्रबाहु भगवान का मोमेंटो और साल भेंटकर सम्मानित किया।
🔹 मुख्यमंत्री ने मां महामाया मंदिर में किया दर्शन:
महासम्मेलन में शामिल होने से पूर्व मुख्यमंत्री साय ने मां महामाया मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।












