
🌾 संवाददाता राजू पाल/ धान खरीदी में करोड़ों की ठगी, कई जिलों के किसान बने शिकार — आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार।
धान खरीदी के नाम पर किसानों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह मामला थाना हथबंद क्षेत्र का है, जहाँ ग्राम डागरिया, कुराचंदा और धीवानपुरी सहित कई गांवों के किसानों से लाखों रुपए की ठगी की गई।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी तक्ष टंडन पिता हरमन टंडन (38 वर्ष) निवासी तारपुरी कॉलोनी सेक्टर-6, भिलाई (जिला दुर्ग) है। उसके साथ तुलाराम दरिया, निवासी ग्राम खंडवा, ने मिलकर यह फर्जीवाड़ा रचा। दोनों आरोपियों ने किसानों को ₹2200 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का झांसा दिया। मौके पर कुछ रकम देकर शेष राशि 15 दिन बाद देने का वादा किया गया।
लेकिन तय समय बीतने के बाद जब किसानों ने संपर्क करना चाहा, तो दोनों के मोबाइल बंद मिले। संदेह होने पर किसान एकजुट होकर भिलाई स्थित तारपुरी कॉलोनी पहुँचे, जहाँ जाकर पता चला कि आरोपी ने रायपुर, बेमेतरा, दुर्ग और बलौदाबाजार जिलों के कई किसानों को भी इसी तरह ठगा है।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मुख्य आरोपी तक्ष टंडन को धरसींवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, वहीं उसका साथी तुलाराम डाहरिया को हथबंद पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने किसानों से अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रिपोर्ट दर्ज कराने की अपील की है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उनकी मेहनत की कमाई उन्हें जल्द वापस दिलाई जाए।














