
ग्राम गुमा के ग्रामीणों ने अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों के साथ पहुंचे ग्रामीण, निष्पक्ष जांच और सार्वजनिक रास्ता-नहर को कब्जामुक्त कराने की मांग
धरसीवां। ग्राम गुमा के ग्रामीणों ने गांव के सार्वजनिक रास्ते एवं नहर की जमीन पर निजी कंपनी इस्कॉन पाइप द्वारा कथित रूप से किए जा रहे कब्जे को हटाने की मांग को लेकर धरसीवां तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर वर्तमान में निजी कंपनी द्वारा कब्जा किया जा रहा है, वहां से पहले गुमा से तेंदुआ जाने के लिए सार्वजनिक रास्ता हुआ करता था। ग्रामीणों के अनुसार अब इस स्थान पर कंपनी द्वारा वृक्षारोपण के नाम पर कब्जा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले भी उठ चुका है मामला, कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी: ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते और नहर से संबंधित इस समस्या को पूर्व में भी ग्रामीणों द्वारा संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा चुका है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने तहसीलदार से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके की जांच कराई जाए तथा राजस्व एवं शासकीय अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही यदि सार्वजनिक रास्ते अथवा नहर की भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे पार्टी और संगठन के पदाधिकारी
ग्रामीणों के साथ ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश वर्मा, प्रदेश सचिव जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, गोविन्द वर्मा, जिला उपाध्यक्ष एवं आरंग खंड प्रभारी, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना रायपुर ग्रामीण, सागर वर्मा, जिला सचिव जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी रायपुर ग्रामीण, उमेश निषाद, अध्यक्ष जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी धरसीवां, दयाशंकर निषाद, उपाध्यक्ष जेसीपी धरसीवां और दीपक साहू, जेसीपी सहित ग्राम गुमा के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक रास्ते एवं नहर को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की मांग की है।


















