
तिल्दा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से दोपहिया सवार की मौत
तिल्दा नेवरा। मंगलवार देर शाम सागर पेट्रोल पंप के आगे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में दोपहिया वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोपहिया वाहन क्रमांक CG 04 HJ 6309 में तीन लोग सवार होकर सिमगा से तिल्दा नेवरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सागर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 10 CF 0525 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोपहिया को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोपहिया वाहन सवार विष्णु साहू, ग्राम बनसांका निवासी, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रामदयाल साहू, ग्राम ओटगन निवासी और पुनीत साहू, ग्राम लांजा निवासी घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर नेवरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मृतक एवं घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा-नेवरा पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने ट्रेलर को थाने लाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रेलर चालक की लापरवाही की पूरी स्थिति क्या थी, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
















