
रक्तदान से मजबूत होगा विश्व बंधुत्व, तिल्दा में 21 अगस्त को महाअभियान
दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा का आयोजन, सुबह 9 से शाम 5 बजे तक होगा रक्तदान
तिल्दा-नेवरा। राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में ब्रह्माकुमारीज़ के समाज सेवा प्रभाग (RERF) द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान’ के तहत ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र में 21 अगस्त 2026 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा के लिए इस पुनीत सेवा से जोड़ना है।
बीके प्रियंका दीदी ने बताया कि रक्तदान केवल सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद और अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। अभियान के जरिए समाज में परस्पर सहयोग, संवेदनशीलता और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रक्तदान से दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर रोगियों, गर्भवती महिलाओं तथा ऑपरेशन और आपातकालीन उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर सहायता मिल सकती है। स्वस्थ एवं योग्य व्यक्तियों द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान रक्त भंडार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की है। शिविर 21 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नील कमल परिसर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र, पंजाब नेशनल बैंक एवं एचडीएफसी बैंक के पास, तिल्दा में आयोजित होगा। यहां रक्तदान के साथ ज्ञान-योग एवं राजयोग का लाभ भी लिया जा सकेगा।
















