
संविदा शिक्षक-कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन 4 और 5 अगस्त को
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव के नेतृत्व में आगामी 04 एवं 05 अगस्त 2026 को दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय आंदोलन आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह आंदोलन प्रदेशभर के संविदा शिक्षक एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव ने बताया कि संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के चलते संगठन ने व्यापक चर्चा एवं कर्मचारियों की सहमति के बाद आंदोलन का रास्ता चुना है।
संघ द्वारा रखी गई प्रमुख मांगों में कलेक्टर समिति व्यवस्था समाप्त कर शिक्षा विभाग में समायोजन, वार्षिक वेतन वृद्धि, 50 लाख रुपये का बीमा सुरक्षा कवच, पीएफ कटौती एवं सेवा सुरक्षा लागू करना तथा मध्यप्रदेश की तर्ज पर संविदा नियम लागू करना शामिल है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार आंदोलन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ किया जाएगा तथा इसे किसी भी परिस्थिति में टाला नहीं जाएगा। संगठन की ओर से सभी संभाग, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को सक्रिय होकर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं संगठनात्मक तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
संघ ने प्रदेश के समस्त संविदा शिक्षक एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
✊ “एकता ही संघर्ष की ताकत है, और संघर्ष ही अधिकार दिलाता है।” ✊
जारीकर्ता :
छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ
प्रदेश संगठन















