
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ बैकुंठ सीमेंट वर्क्स में हड़ताल का 11वां दिन — श्रमिकों ने निकाली विशाल अधिकार रैली
तिल्दा-नेवरा।
अल्ट्राटेक सीमेंट, बैकुंठ (आदित्य बिड़ला ग्रुप) में जारी श्रमिक हड़ताल के ग्यारहवें दिन आज संयुक्त ट्रेड यूनियन बैकुंठ द्वारा प्रबंधन के तानाशाही रवैये के खिलाफ श्रमिक अधिकार रैली निकाली गई। यह रैली बैकुंठ सीमेंट उद्योग के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर एसडीएम कार्यालय तिल्दा-नेवरा तक पहुँची, जहाँ मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
संयुक्त ट्रेड यूनियन के महासचिव कमलेश वर्मा ने बताया कि, “हमारी यूनियन द्वारा पिछले दो वर्षों से बैकुंठ सीमेंट प्रबंधक के तानाशाही रवैये की शिकायत शासन-प्रशासन से की जा रही है। 09 सितंबर 2025 को भी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नाम पर उनके सचिव पी. दयानंद को मंत्रालय में पत्र देकर श्रमिकों की समस्याओं पर हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया था, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।”
उन्होंने आगे बताया कि शासन-प्रशासन की लापरवाही के चलते प्रबंधक और श्रमिकों के बीच तनाव बढ़ता गया और स्थिति विवाद का रूप ले ली। परिणामस्वरूप श्रमिक पिछले 11 दिनों से हड़ताल पर हैं, परंतु अब तक न तो प्रबंधन और न ही शासन की ओर से वार्ता की कोई पहल की गई है।

श्रमिकों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि —
1️⃣ बैकुंठ सीमेंट वर्क्स को तत्काल पुनः चालू किया जाए।
2️⃣ निलंबित श्रमिक प्रतिनिधियों को नि:शर्त वापस लिया जाए।
3️⃣ उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लिया जाए।
4️⃣ रोका गया बोनस तत्काल प्रदान किया जाए।
5️⃣ कार्य से हटाए गए 150 श्रमिकों को पुनः काम पर बहाल किया जाए।















