
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ ख़बर का असर: होली क्रॉस की प्राचार्या पर दर्ज FIR – पुलिस पर लीपापोती के लगे आरोप
अंबिकापुर।
होली क्रॉस विमेन्स कॉलेज अंबिकापुर में आयोजित एनुअल स्पोर्ट्स मीट (जनवरी 2024) के दौरान विवादित भारत नक्शे के प्रदर्शन मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में कॉलेज की प्राचार्या शांता जोसफ और फेसबुक पेज संचालक पर थाना गांधी नगर पुलिस ने IPC की धारा 505(1)(B) के तहत अपराध दर्ज किया है।
विवादित नक्शा और शिकायत:
5–6 जनवरी 2024 को स्पोर्ट्स मीट में प्रदर्शित नक्शे में अक्साई चीन और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (POK) को भारत का हिस्सा नहीं दिखाया गया था। यह नक्शा कॉलेज के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 19 जनवरी 2024 को अपलोड किया गया था और करीब 19 महीनों तक वहीं मौजूद रहा।
1 सितंबर 2025 को नई तस्वीरें अपलोड होने पर यह नक्शा दोबारा चर्चा में आया। इसके बाद भाजपा नेता कैलाश मिश्रा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई।
भाजपा का आरोप – निष्पक्ष जाँच पर संदेह:
भाजपा नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने केवल हल्की धारा लगाई है, जबकि इस मामले में आईटी एक्ट और देशद्रोह की धाराएँ भी जोड़ी जानी चाहिए थीं। आरोप यह भी है कि किसी ईसाई विधायक के दबाव में पुलिस मामले को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
प्राचार्या को हटाने की माँग:
भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक प्राचार्या शांता जोसफ अपने पद पर बनी रहेंगी, तब तक निष्पक्ष जाँच संभव नहीं। चूँकि कॉलेज शासकीय अनुदान प्राप्त है, इसलिए शासन को हस्तक्षेप कर प्राचार्या को तत्काल पद से हटाना चाहिए।
आंदोलन की चेतावनी:
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्राचार्या को पदमुक्त नहीं किया गया, तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
विदित हो कि ABVP पहले ही कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर इस मामले की निष्पक्ष जाँच की माँग कर चुकी है।