
पत्थर खदान की ब्लास्टिंग से महिला गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों में आक्रोश
बुड़ेरा/खरोरा। रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंडेरा में संचालित पत्थर खदान की ब्लास्टिंग से एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार 11 मई सोमवार की दोपहर गांव के पास स्थित पत्थर खदान में तेज धमाके के साथ ब्लास्टिंग की गई। उसी दौरान पास में सब्जी बाड़ी में काम कर रही एक महिला के सिर पर पत्थर का टुकड़ा आकर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और सिर से खून बहने लगा। साथ में काम कर रहे लोगों ने तत्काल घायल महिला को उपचार के लिए डॉक्टर के पास पहुंचाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदान प्रबंधन द्वारा ब्लास्टिंग से पहले आसपास रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी जाती। पूर्व उपसरपंच योगेश कुमार साहू ने बताया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद खदान संचालक मनमानी कर रहे हैं और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही तेज ब्लास्टिंग से क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद अब तक खदान प्रबंधन के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बताया गया कि क्रेशर मशीन और पत्थर खदान के खिलाफ कई बार प्रशासन को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी खदान प्रबंधन पर कार्रवाई नहीं हुई तो छत्तीसगढ़िया क्रांतिसेना उग्र आंदोलन करेगी।











