
तिल्दा नेवरा पुलिस की देर रात कॉम्बिंग गश्त, आदतन अपराधियों और संदिग्धों पर कसा शिकंजा
तिल्दा-नेवरा, रायपुर ग्रामीण।
जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से तिल्दा नेवरा पुलिस ने सोमवार देर रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। यह अभियान रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक तिल्दा नेवरा, तुलसी, सासाहोली, देवारपारा, अटल आवास और मोहभट्ठा पारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन चौक, दीनदयाल चौक, सराफा मार्केट, सिंधी कैंप, बुधवारी बाजार, मिशन कॉलोनी, रेस्ट हाउस सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन गश्त की गई। पुलिस ने बैंक, एटीएम, लॉज, ढाबों और सराफा बाजार की भी गहन जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

पुलिस टीम ने निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली और भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। साथ ही फरार वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर भी जांच की गई।
देर रात बिना उचित कारण सार्वजनिक स्थानों पर घूमते मिले लोगों को थाना लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया तथा भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात बाहर नहीं घूमने की चेतावनी दी गई।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध प्रवासी की जानकारी मिलने पर टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 या “समाधान” ऐप के माध्यम से तत्काल सूचना दें। साथ ही किरायेदारों का सत्यापन कराने और पुलिस के साथ सहयोग करने की भी अपील की गई।
तिल्दा नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/9131419735














