
जिले की लाइफलाइन हसदेव नदी उफान पर, एनीकट डूबने से संपर्क मार्ग बाधित
संवाददाता: हरिराम देवांगन
जय जोहार सीजी न्यूज़ | चांपा
चांपा। जिले सहित प्रदेशभर में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। जांजगीर-चांपा जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली हसदेव नदी तेज बहाव के साथ उफान पर है। कुछ दिन पहले तक सामान्य बहाव वाली नदी अब रौद्र रूप धारण करती नजर आ रही है।
मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 से 36 घंटों तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है, जिससे नदी किनारे बसे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

एनीकट डूबा, आवागमन पूरी तरह प्रभावित:
लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी पर बने एनीकट (निचले पुल) के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे यह संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। इसके चलते आसपास के ग्रामीणों को अब ऐतिहासिक गेमन पुल से लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनीकट की ऊंचाई कम होने के कारण हर वर्ष बारिश में यह पुल डूब जाता है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस संपर्क मार्ग का लाभ लोगों को बरसात के मौसम में नहीं मिल पाता।

बाढ़ के साथ नदी में पहुंची जलकुंभी और गंदगी:
बाढ़ के कारण हसदेव नदी में बड़ी मात्रा में जलकुंभी, कचरा और अन्य गंदगी बहकर आ गई है। नदी का पानी मटमैला और अस्वच्छ हो गया है। नदी के घाटों और किनारों से बहकर आई गंदगी के कारण सीधे नदी का पानी उपयोग करने वाले लोगों के सामने पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई है।
लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी और एनीकट के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।















