
नाबालिग को बहला-फुसलाकर मुंबई ले जाकर दुष्कर्म, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
रीवा। बिछिया थाना पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर मुंबई ले जाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को एक महिला ने अपनी 14 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत थाना बिछिया में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा और नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अंकिता मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग को सकुशल दस्तयाब किया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ग्राम कांटी निवासी नितिन कुमार पटेल उर्फ गुड्डू (22) उसे बहला-फुसलाकर मुंबई ले गया, जहां एक कंपनी के कमरे में रखकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 87, 64(2)(m), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 जोड़ी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।














