
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जनसमस्याओं के समाधान की उठाई मांग
बलौदा बाजार। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की बलौदा बाजार जिला इकाई ने प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी मनहरण साहू के नेतृत्व में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक गौरव राय से भी सौजन्य मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

ज्ञापन में प्रदेश सचिव मनहरण साहू ने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिजली बिल, युवाओं में बेरोजगारी, पेट्रोलियम पदार्थों में कथित मिलावट, कानून-व्यवस्था की स्थिति, नशे के बढ़ते कारोबार तथा सरकारी नौकरियों में योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिलने जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

महिला सेना की प्रदेश सचिव गंगोत्री साहू ने सरकारी अस्पतालों में उपचार एवं चिकित्सा उपकरणों की कमी, आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं, महिला वंदन योजना में केवाईसी के नाम पर महिलाओं को लाभ से वंचित किए जाने तथा बढ़ती महंगाई को प्रमुख समस्याएं बताया।
जिला महासचिव बद्री प्रसाद वर्मा ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई। वहीं कामगार सेना के जिला प्रभारी दीपक वर्मा ने उद्योगों में स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता देने, उचित वेतन एवं सुरक्षा सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

इस अवसर पर जिला सहसचिव संतोष नवरंगे, जिला कार्यकारिणी सदस्य कोमल साहू, ब्लॉक अध्यक्ष गब्बर मारकंडे, सुरेंद्र साहू, महिला सेना की रेखा साहू, भारती धीवर, लाली साहू सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल /9131419735













