
क्रांति सेना-जोहार पार्टी के प्रदर्शन को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) का समर्थन, सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
बलौदा बाजार। बलौदा बाजार–सुहेला मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर सुहेला के महतारी चौक में क्रांति सेना एवं जोहार पार्टी द्वारा आयोजित चक्का जाम प्रदर्शन को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की बलौदा बाजार जिला इकाई ने समर्थन दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस जर्जर मार्ग के निर्माण की घोषणा पहले की जा चुकी है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं होने से सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उनका आरोप है कि खराब सड़क के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोगों की जान भी जा चुकी है। शिवसेना ने भी बताया कि इस मुद्दे पर पूर्व में शासन-प्रशासन को ज्ञापन एवं आवेदन सौंपा गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन के दौरान शिवसेना की ओर से प्रदेश सचिव एवं बलौदा बाजार जिला प्रभारी मनहरण साहू, जिला कार्यकारिणी सदस्य इंदल कुमार सिंह, कोमल साहू, तिल्दा ब्लॉक उपाध्यक्ष छोटू यादव, पंकज निषाद, घनाराम साहू, मिथलेश साहू और नरेंद्र साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं क्रांति सेना एवं जोहार पार्टी की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकांत यदु, जेसीपी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यदु, सीकेएस अध्यक्ष सनत यदु, जेसीपी उपाध्यक्ष लीलेंद्र साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन स्थल पर सुहेला तहसीलदार, थाना प्रभारी (टीआई) तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। प्रदर्शनकारियों के अनुसार अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण का कार्य अक्टूबर माह से प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान शिवसेना, क्रांति सेना एवं जोहार पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।













