
छात्र को कथित रूप से धमकाने का मामला: कार्रवाई की मांग को लेकर बीईओ को सौंपा ज्ञापन
परिजनों ने बाल पकड़कर मारने, कम भोजन देने व बच्चों में भय का माहौल होने का भी लगाया आरोप
तिल्दा-नेवरा (संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल)। ग्राम पंचायत कोहका स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में कक्षा 6 के 12 वर्षीय छात्र को शिक्षक द्वारा कथित रूप से धमकाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि शनिवार को शिक्षक लक्ष्मी नारायण वर्मा ने छात्र से कहा कि यदि उसने अपने पिता को घटना की जानकारी दी तो उसे “पटक-पटक कर पीटूंगा”। परिजनों के अनुसार घटना के बाद से छात्र डरा-सहमा हुआ है तथा मानसिक रूप से प्रभावित है।

मामले को लेकर शिवसेना एवं कनौजिया जायसवाल समाज ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) नीलाधर सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में शिवसेना के प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी मनहरण साहू, महासचिव बद्री प्रसाद वर्मा सहित अन्य शिव सैनिक तथा कनौजिया जायसवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र जायसवाल एवं युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामगोपाल जायसवाल शामिल रहे।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में कुछ बच्चों के साथ बाल पकड़कर मारपीट की जाती है, मध्याह्न भोजन निर्धारित मात्रा से कम दिया जाता है तथा मारपीट और डांट-फटकार के डर से कई बच्चे स्कूल आना बंद कर चुके हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण का स्थान होना चाहिए। यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसेना एवं कनौजिया जायसवाल समाज चरणबद्ध आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
(नोट : समाचार में उल्लिखित सभी आरोप शिकायतकर्ताओं एवं ज्ञापन में किए गए दावों पर आधारित हैं। शिक्षा विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)














