
प्रेम शंकर अस्पताल में दोबारा जांच, नर्सिंग एक्ट के नियमों की अनदेखी की शिकायत
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा-नेवरा स्थित प्रेम शंकर अस्पताल में नर्सिंग एक्ट के नियमों की अनदेखी संबंधी शिकायतों के बाद एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। बीएमओ डॉ. आशीष सिन्हा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने शिकायत में उल्लेखित बिंदुओं की जांच-पड़ताल की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में औचक निरीक्षण किया था, जिसमें कई कमियां सामने आई थीं। उन कमियों की रिपोर्ट बीएमओ द्वारा उच्च अधिकारियों को भेजी गई थी।
इस बार जांच के दौरान अस्पताल परिसर व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा मिला। हालांकि स्थानीय सूत्रों का दावा है कि अस्पताल प्रबंधन को जांच की पूर्व सूचना मिल गई थी, जिसके चलते जांच से पहले आवश्यक तैयारियां कर ली गई थीं।
बीएमओ डॉ. आशीष सिन्हा ने बताया कि शिकायत में बताए गए सभी बिंदुओं की जांच कर ली गई है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल जिस भूमि पर संचालित हो रहा है, उससे संबंधित शिकायत राजस्व विभाग के अधिकार क्षेत्र का विषय है। इस मामले की जांच तहसीलदार एवं एसडीएम द्वारा की जाएगी।













