
संगठन विस्तार को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की संयुक्त बैठक संपन्न
बिलासपुर। छत्तीसगढ़िया समाज, भाषा, संस्कृति और स्थानीय अधिकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी जनआंदोलन तथा गांव-गांव तक संगठन को सक्रिय करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश की जल, जंगल, जमीन, रोजगार और स्थानीय अधिकारों के मुद्दों पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा। दोनों संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने तथा आम जनता की समस्याओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया।
बैठक के दौरान प्रत्येक ब्लॉक और ग्राम स्तर पर नई कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया गया। साथ ही युवाओं, महिलाओं और मजदूर वर्ग को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी।

वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में स्थानीय लोगों की उपेक्षा, बढ़ती बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और उद्योगों में छत्तीसगढ़ियों के साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण अभियान को और तेज किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान में निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। बैठक में बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता राम गोपाल जायसवाल













