
नवागढ़ में पेट्रोल और डीज़ल की लगातार बनी हुई किल्लत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पहुंचकर नारेबाजी की और आम जनता तथा किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर अपनी बात रखी।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हर्ष बघेल, ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी अनंत, ब्लॉक महामंत्री खेमन टंडन, पवन संडे, गुरभेज सिंह गुम्बर, रामनिहोरा सेन, संतोष देवांगन, मानिदास मानिकपुरी, चंद्रप्रकाश और मोहित गर्ग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि बेमेतरा जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीज़ल उपलब्ध है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नवागढ़ क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों में ईंधन उपलब्ध नहीं है और लोग घंटों परेशान हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता एक पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां पेट्रोल और डीज़ल उपलब्ध नहीं मिला। बताया गया कि नवागढ़ क्षेत्र के तीन पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद पड़े हैं, जबकि केवल एक पेट्रोल पंप में सीमित मात्रा में डीज़ल उपलब्ध है। वहां भी “वाहन लाने पर ही पेट्रोल-डीज़ल दिया जाएगा, डब्बे में नहीं मिलेगा” का नोटिस लगाया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस व्यवस्था का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। खेती-किसानी के कार्य में ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के लिए डीज़ल की आवश्यकता होती है, लेकिन डीज़ल नहीं मिलने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को बार-बार ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप तक जाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों में नियमित रूप से पेट्रोल और डीज़ल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।















