
ग्राम पटेल संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, मानदेय और अधिकारों को लेकर रखी मांग
रायपुर। प्रदेश ग्राम पटेल संघ के पदाधिकारियों ने 15 मई 2026 को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ग्राम पटेलों के मासिक मानदेय एवं संपूर्ण अधिकारों को लेकर अपनी मांग प्रमुखता से रखी। बताया जा रहा है कि इस महत्वपूर्ण मुलाकात में बस्तर राजपरिवार से जुड़े प्रतिनिधि “बस्तर राजा” ने अहम भूमिका निभाते हुए संघ के पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री से मिलवाया।
संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष ग्राम पटेलों की लंबे समय से लंबित मांगों को रखते हुए नियमित मासिक मानदेय, प्रशासनिक अधिकारों के विस्तार एवं ग्राम स्तर पर उनकी भूमिका को मजबूत करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ग्राम पटेल गांवों की पारंपरिक व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और अधिकार अब तक नहीं मिल पाए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस विषय पर संबंधित मंत्री से चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री की इस सहमति के बाद ग्राम पटेल संघ के पदाधिकारियों में उत्साह देखा गया।
संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही ग्राम पटेलों के हित में ठोस निर्णय लेकर उनकी वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करेगी।
जय जोहार सीजी न्यूज़: संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल














