
सचिव को हटाने की मांग तेज, सरपंच-पंचों ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
पंडरिया/कबीरधाम। पंडरिया कवर्धा जिले के पंडरिया जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत किशुनगढ़ में पंचायत सचिव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पंचायत सचिव रामाधार साहू को हटाने की मांग को लेकर सरपंच, पंच और ग्रामीण खुलकर विरोध पर उतर आए हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर सचिव को नहीं हटाया गया, तो वे सामूहिक इस्तीफा देंगे।
पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि सचिव की कार्यशैली और मनमाने रवैये के कारण पंचायत के विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कई योजनाएं अधूरी पड़ी हुई हैं और पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था भी चरमरा गई है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार जनपद पंचायत पंडरिया के सीईओ एवं जिला पंचायत कवर्धा के सीईओ से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की चुप्पी से पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
मामला अब प्रदेश स्तर तक पहुंच चुका है। पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा छत्तीसगढ़ के पंचायत मंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा से भी शिकायत की गई है।
इधर पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि तय समय सीमा के भीतर सचिव को नहीं हटाया गया, तो सरपंच और पंच सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि पंचायत में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है। भविष्य में यदि कोई अप्रिय स्थिति निर्मित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि पंचायत प्रतिनिधियों के अल्टीमेटम के बाद प्रशासन पर दबाव जरूर बढ़ गया है।
संवाददाता: पुरुषोत्तम दास













