
तिल्दा नेवरा में अंतरराष्ट्रीय नर्सेस डे पर नर्सिंग स्टाफ का हुआ सम्मान, मरीजों व परिजनों को वितरित किया गया जूस
तिल्दा नेवरा। अंतरराष्ट्रीय नर्सेस डे के अवसर पर 13 मई को पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा शासकीय अस्पताल तिल्दा नेवरा में सेवा एवं सम्मान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर समर्पित नर्सिंग स्टाफ, सिस्टर्स एवं स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान कर उन्हें सम्मान स्वरूप भेंट प्रदान की गई।

दोपहर 1 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की गई। फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ मरीजों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।

इसके पश्चात फाउंडेशन की टीम शाम 4 बजे सुना अस्पताल पहुँची, जहाँ मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल स्टाफ के बीच जूस वितरण किया गया। साथ ही शासकीय अस्पताल तिल्दा नेवरा में भी मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मियों को जूस वितरित कर सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश दिया गया।

फाउंडेशन ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।
कार्यक्रम में पुष्पांकर डिस्ट्रीब्यूटर्स एवं GST Star Consultancy का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्यों सहित अस्पताल स्टाफ एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।














