
पत्रकार राघवेंद्र सिंह ने कलेक्टर से लगाई गुहार, दो भाइयों पर धमकी और षड्यंत्र के गंभीर आरोप | Jay Johar CG News
संवाददाता राजू पाल की रिपोर्ट
बलौदाबाजार।
जिले के एक पत्रकार ने कलेक्टर से शिकायत कर दो व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी राघवेंद्र सिंह, जो स्थानीय समाचार पत्रों में जिला संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि गांधी चौक बलौदाबाजार निवासी ऋषि शुक्ला एवं आशीष शुक्ला द्वारा उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है तथा झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें प्रार्थी स्वयं एक प्रकरण में गवाह हैं। इसी कारण उन पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। मना करने पर जान से मारने, शहर छोड़ने और झूठे मामलों में फंसाने जैसी गंभीर धमकियां दी गईं।
पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा बिना पंजीकृत पोर्टल एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उनके खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में पुलिस प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक अन्य व्यक्ति से धोखे से हस्ताक्षर कराकर उनके विरुद्ध झूठा आवेदन तैयार किया गया। हालांकि संबंधित व्यक्ति ने बाद में शपथ पत्र देकर प्रार्थी को निर्दोष बताया है।
इसके अलावा, एक अन्य मामले में मरीज से जुड़े घटनाक्रम में जबरन बयान दिलाने और षड्यंत्र रचने के आरोप भी लगाए गए हैं, जिसकी शिकायत साक्ष्यों सहित संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है।
प्रार्थी ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें सुरक्षा मिल सके और न्याय सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, पुलिस अधीक्षक, प्रेस क्लब सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
इस मामले में आरोपियों का पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
👉 सच्ची और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पढ़ते रहें Jay Johar CG News
👉 हर बड़ी खबर सबसे पहले — www.jayjoharcgnews.com� पर













