
हरि ओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट/प्रदेश में अफीम की अवैध खेती पर लगे रोक – शिवसेना (यूबीटी)
बेमेतरा। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान ने छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती पर कड़ी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती किए जाने की जानकारी सामने आई है, जो अत्यंत गंभीर विषय है। इसी प्रकार बलरामपुर जिले में भी दो स्थानों पर अफीम की खेती होने की बात सामने आई है। उन्होंने आशंका जताई कि बस्तर संभाग में भी इस तरह की अवैध गतिविधियां हो सकती हैं।
दाऊ राम चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश पहले से ही नशे की समस्या से प्रभावित है। नशे की लत के कारण युवाओं और बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है तथा अपराध की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। पहले यह नशा अन्य राज्यों से आने के कारण सीमित मात्रा में उपलब्ध होता था, लेकिन अब प्रदेश में ही अवैध खेती होने से स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक भाजपा नेता द्वारा अपने खेत में अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है, जो कानून व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सवाल करते हुए कहा कि क्या यही सुशासन की सरकार है, जहां युवाओं और बच्चों को नशा आसानी से उपलब्ध हो रहा है।
शिवसेना (यूबीटी) के प्रदेश महासचिव ने छत्तीसगढ़ शासन और प्रशासन से प्रदेश में अफीम की अवैध खेती और नशे के कारोबार पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसेना (यूबीटी) सरकार के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।








