
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ ओवरब्रिज निर्माण के खिलाफ वार्डवासियों का आक्रोश, कांग्रेस ने किया खुला समर्थन
तिल्दा नेवरा/रायपुर।
प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण से प्रभावित वार्डवासियों ने आज कांग्रेस पार्टी से समर्थन की मांग की, जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने उनके पक्ष में खुलकर मोर्चा संभाल लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वार्डवासी एसडीएम कार्यालय पहुँचे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
वार्डवासियों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण की आड़ में गरीबों के मकानों को तोड़ा जा रहा है, जो अन्यायपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की कि—
मकानों को तोड़ने से पहले प्रभावित परिवारों का उचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए,
मकानों का सही और पारदर्शी मूल्यांकन कर उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाए,
वर्तमान स्थान पर ओवरब्रिज के बजाय अंडरब्रिज का निर्माण किया जाए,
अथवा ओवरब्रिज को बाइपास रोड पर निर्मित किया जाए, जिससे गरीब परिवारों को बेघर होने से बचाया जा सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रमुख रूप से रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष पप्पू बंजारे, पूर्व पाठ्य-पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व सिंधी समाज अध्यक्ष राम गिलानी, ब्लॉक शहर अध्यक्ष देवदास टंडन, ग्रामीण अध्यक्ष बलदाऊ साहू, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पवन बघेल, पार्षद राजेश कोटवानी, सोनू मार्कंडेय, साथ ही सनत सेन, पप्पू नामदेव, नानक छाबड़ा, पूर्व पार्षद सुनील सोनी, दशरथ डहरिया, अजितेश शर्मा, अमजद खान, छाया पार्षद रामेश्वर यदु, गजानंद वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि विकास कार्यों के नाम पर गरीबों के हितों की अनदेखी न की जाए और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए निर्णय लिया जाए। फिलहाल प्रशासन इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।











