
कोहका-घुलघुल मार्ग जर्जर, छोटे पुल से हादसे का बढ़ा खतरा
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, बारिश में आवागमन मुश्किल; ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग की
तिल्दा-नेवरा। कोहका से घुलघुल जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के साथ ही मार्ग में स्थित छोटा पुल भी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बारिश के दौरान सड़क और पुल पर पानी जमा होने से आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो जाता है।
सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को हो रही है। सड़क के गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ता है। वहीं रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग आसपास के गांवों को जोड़ने के साथ-साथ बाजार, कामकाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए रोजाना उपयोग किया जाता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन में परेशानी के साथ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत कराने तथा छोटे पुल की आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।


















