
सक्षम स्थापना दिवस पर दिव्यांगों व वृद्धजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित
चांपा। दिव्यांगजनों के हित में कार्यरत राष्ट्रीय संस्था सक्षम की जिला इकाई जांजगीर-चांपा द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम खोखरा स्थित वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल सोनी, अभिषेक शुक्ला, संतोष कुमार कश्यप सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत सूरदास के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। जिला सचिव संतोष कुमार सोनी ने सक्षम संस्था का परिचय देते हुए बताया कि संस्था दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, स्वावलंबी बनाने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य करती है।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. कमल किशोर कौशिक ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत दिव्यांगता के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी। वहीं डॉ. आशीष जायसवाल एवं गणेश सराफ ने संस्था की विभिन्न योजनाओं एवं सदस्यता अभियान की जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि विजय पाण्डेय ने कहा कि सक्षम जैसी संस्थाएं दिव्यांगजनों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने भविष्य में भी संस्था को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सक्षम की ओर से छतरियों का वितरण किया गया। अंत में संरक्षक अनिल सोनी ने सभी अतिथियों, आश्रम प्रबंधन एवं संस्था के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सक्षम के कार्यकर्ता, वृद्धाश्रम के सदस्य एवं दिव्यांगजन सहित कुल 54 लोग उपस्थित रहे।














