
‘निमंत्रण कार्ड’ APK से साइबर ठगी! एक क्लिक में मोबाइल हैक, आपके नंबर से दूसरों को पहुंच रहे मैसेज
WhatsApp पर भेजी जा रही फर्जी APK फाइल से सावधान, साइबर अपराधियों का नया तरीका।
रायपुर/छत्तीसगढ़। इन दिनों साइबर ठग लोगों को निशाना बनाने के लिए “निमंत्रण कार्ड11.apk” जैसी फर्जी APK फाइलें WhatsApp पर भेज रहे हैं। यह फाइल शादी या किसी कार्यक्रम के निमंत्रण कार्ड के नाम पर भेजी जाती है, लेकिन इसे डाउनलोड और इंस्टॉल करते ही मोबाइल का नियंत्रण साइबर अपराधियों के हाथ में जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, APK इंस्टॉल करने के बाद मोबाइल में मौजूद संपर्क (Contacts), SMS, WhatsApp और अन्य जरूरी जानकारी तक पहुंच बनाई जा सकती है। कई मामलों में पीड़ित के मोबाइल नंबर से उसके सभी परिचितों को अपने आप वही फर्जी APK फाइल भेजी जाने लगती है, जिससे यह ठगी तेजी से फैलती है।
सोशल मीडिया पर ऐसे कई मैसेज, फाइल सामने आए हैं, जिनमें “निमंत्रण कार्ड11.apk” नाम की फाइल WhatsApp के माध्यम से भेजी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी APK फाइलें केवल भरोसेमंद स्रोतों से ही इंस्टॉल करनी चाहिए। अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल पर बिल्कुल भी क्लिक न करें।
क्या करें?
- किसी भी अनजान .apk फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
- यदि गलती से इंस्टॉल कर लिया है, तो तुरंत इंटरनेट बंद करें।
- महत्वपूर्ण पासवर्ड बदलें और बैंकिंग ऐप की सुरक्षा जांचें।
- मोबाइल को स्कैन करें या आवश्यक हो तो फैक्ट्री रीसेट करें।
- घटना की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर दें।
अपील:
यदि आपके WhatsApp से बिना आपकी जानकारी के APK फाइल या मैसेज अन्य लोगों को भेजे जा रहे हैं, तो इसे सामान्य समस्या न समझें। यह साइबर हमले का संकेत हो सकता है। तुरंत सतर्क रहें और अपने परिचितों को भी इसकी जानकारी दें।
नोट: केवल WhatsApp पर APK फाइल मिलना यह साबित नहीं करता कि हर मामले में मोबाइल हैक हो चुका है। लेकिन ऐसी फाइलें साइबर अपराध का आम तरीका हैं, इसलिए इन्हें खोलने या इंस्टॉल करने से बचना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।











