
फोन पे से 17,990 रुपये ट्रांसफर, 40 हजार की मांग; FIR दर्ज, पुलिस जांच जारी
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल…. ✍️
तिल्दा-नेवरा (रायपुर)। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में एक ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित कुंदन कुमार यादव (28 वर्ष) ने थाना तिल्दा में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, वह सारथी ट्रेडर्स में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है और माल लोडिंग के लिए मोपका गया था। लौटते समय नारायणपुर मोड़ के पास ट्रक का टायर फट गया। मालिक के निर्देश पर स्टेपनी लगाकर वह तिल्दा स्थित कार्यालय पहुंचा, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि उससे 40 हजार रुपये की मांग की गई और मोबाइल से OTP लेकर 17,990 रुपये फोन पे के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। साथ ही, उसके माता-पिता को फोन कर पैसे मंगवाने का दबाव बनाया गया और पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दी गई।
बाद में उसे रेलवे स्टेशन छोड़ दिया गया। रास्ते में ड्राइवर संघ के सदस्यों की मदद से उसने थाना तिल्दा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल जांच कराई है और मामले की जांच जारी है।














