
संवाददाता राजू पाल/बलौदा बाजार में दर्दनाक हादसा
ट्रेलर की चपेट में आने से दो आरक्षकों की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
बलौदा बाजार। जिला अंतर्गत थाना हथबंद क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो आरक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना हथबंद थाना से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा छा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना हथबंद में पदस्थ आरक्षक धर्मेंद्र यादव एवं प्रशांत दिवान किसी प्रकरण के सिलसिले में पैसारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धान-चावल से भरे एक ट्रेलर के अचानक मुड़ने को वे समझ नहीं पाए और वाहन की चपेट में आ गए।

हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही आरक्षक धर्मेंद्र यादव की मृत्यु हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल आरक्षक क्रमांक 377 प्रशांत दिवान (तैनाती साइबर सेल, निवासी परस बोड, थाना साजा, जिला बेमेतरा) एवं आरक्षक क्रमांक 809 (तैनाती थाना हथबंद, निवासी नवागढ़, जिला बेमेतरा) को तत्काल एंबुलेंस से रायपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हथबंद सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस विभाग में भी गहरा दुख व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश एवं दुख का माहौल है।
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि कंडेक्टर को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
(संवाददाता – जय जोहार सीजी न्यूज़)








