
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत नवीन महाविद्यालय गुढ़ियारी में दीक्षारंभ एवं विद्यार्थी उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
रायपुर। शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढ़ियारी, रायपुर में 1 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अंतर्गत नए सत्र का दीक्षारंभ कार्यक्रम एवं स्टूडेंट इंडक्शन-कम-ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न गतिविधियों तथा नई शिक्षा नीति के प्रावधानों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कर्मठ विधायक राजेश मूणत मुख्य अतिथि तथा रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढ़ियारी की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष शैलेश खंडेलवाल ने की।

मुख्य अतिथि राजेश मूणत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उस दिशा में निरंतर मेहनत करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल एवं सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अपने समय का सदुपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने विषय में व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकसित करना भी आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से व्यक्तित्व और क्षमता का विकास होता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल से दूरी बनाकर पढ़ाई एवं अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
महापौर मीनल चौबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लागू होने के बाद शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पहले विद्यार्थियों को जिन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता था, आज उन्हें अनेक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने ज्ञान और प्रतिभा का विकास करना चाहिए।
महापौर ने विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ महाविद्यालय में होने वाली विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत और प्रतिभा के बल पर विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधुलिका अग्रवाल ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद महाविद्यालय द्वारा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने महाविद्यालय को मिलने वाले सहयोग एवं जनभागीदारी समिति के गठन के प्रयासों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा पोर्टल पर सर्वाधिक क्रेडिट अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के सदस्य अब्दुल समद, प्रदीप जैन, विपुल भट्ट, थानेेश्वर पाण्डे, डॉ. जीवन लाल साहू, प्रकाश ठाकुर, राजू माकड़े, जगदीश कुमार ध्रुव, सरोज अग्रवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभ्रा मिश्रा एवं राजभाषा गौर कोहली ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. सिम्मा बघेल ने किया।


















