
शिवसेना ने ‘रामरक्षा महाआरती’ अभियान के तहत राम मंदिर में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग उठाई
नागपुर/महाराष्ट्र। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने “रामद्रोह मतलब हिंदूद्रोह, हिंदूद्रोह मतलब देशद्रोह” अभियान के तहत देशभर में रामरक्षा महाआरती अभियान चलाने की घोषणा की है। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों में आमजन के बीच जाकर अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय और भूमि संबंधी अनियमितताओं के आरोपों की जानकारी देने तथा निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के रामनगर स्थित राम मंदिर में आयोजित रामरक्षा महाआरती कार्यक्रम में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग से बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में चढ़ावे, दान और भूमि से जुड़े मामलों में कथित अनियमितताएं हुई हैं तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसेना देशभर में आंदोलन जारी रखेगी। उनके अनुसार पार्टी अयोध्या और काशी सहित विभिन्न स्थानों पर रामरक्षा महाआरती का आयोजन करेगी और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित शिवसेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर से जुड़े किसी भी प्रकार के कथित भ्रष्टाचार या अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।












