
बारिश में खुली निर्माण कार्य की पोल, नवापारा के गुलाब गार्डन की 7 फीट ऊंची दीवार ढही
नवापारा (रायपुर)। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा स्थित गुलाब गार्डन की लगभग 7 फीट ऊंची दीवार लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद भरभराकर गिर गई। इस घटना ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, रायपुर मेन रोड स्थित गुलाब गार्डन की दीवार करीब 30 घंटे तक लगातार हुई बारिश के दौरान ढह गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि जांच में दीवार केवल एक ईंट की मोटाई में निर्मित पाई गई, जिससे निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस दीवार का मरम्मत कार्य पूर्व नगर पालिका कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन पहली ही तेज बारिश में मरम्मत की गुणवत्ता की पोल खुल गई। नागरिकों का कहना है कि इतनी भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार का कमजोर निर्माण गंभीर लापरवाही का उदाहरण है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुलाब गार्डन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग घूमने और व्यायाम के लिए आते हैं। गनीमत रही कि जिस समय दीवार गिरी, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद नागरिकों ने दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, गार्डन की दीवार को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप मजबूत तरीके से पुनर्निर्माण कराने की मांग भी उठाई है।













